फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : दालमंडी में सर्वे के बाद बनेगी रणनीति, फंदे पर लटक युवती ने दी जान

Thu, 19 Dec 2024 04:46 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी में दालमंडी की सड़कों पर अब चाैड़ीकरण का काम होगा। इसको लेकर यहां के हर व्यापारियों में हड़कंप का माहाैल है। यहां की सड़क, दुकान और मकान आदि का सर्वे करने के बाद अफसर अब रिपोर्ट बनाएंगे। वहीं, उकथी गांव में युवती ने बुधवार सुबह फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रशासन की देखरेख में बुधवार को भी सर्वे का काम हुआ। वीडीए, पुलिस प्रशासन, नगर निगम की सर्वे टीम ने सड़क, दुकान और मकान आदि का सर्वे किया। टीम में शामिल अधिकारियों के अनुसार अभी सर्वे रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जब रिपोर्ट तैयार हो जाएगी तब बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। डेढ़ किमी की दालमंडी से चौक के रास्ते को चौड़ा करने की कवायद चल रही है। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद से यहां सर्वे का काम शुरू है। पहले चरण में मौजूदा स्थिति का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद पुराने राजस्व् रिकार्ड से मिलान किया जाएगा। इसके बाद अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। फिर सड़क निर्माण का काम होगा। इसमें सभी विभागों के समन्वय के साथ काम होना है। इसके लिए अलग अलग विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।

मांस, मछली की दुकानों को बंद कराने की मांग
पंचक्रोशी मार्ग पर मातल देवी, भीमचंडी, कचनार में लोगों ने मांस, मछली की दुकानों को बंद कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यहां सड़क किनारे मांस मछली बेची जाती है। उसके अवशेष भी वहीं फेंक दिए जाते हैं, जिससे बदबू आती है। इस मार्ग से दक्षिण भारत के श्रद्धालु आते रहते हैं। यह भारतीय परंपरा के खिलाफ भी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस पर रोक लगाने की मांग की है।
विज्ञापन


वजूखाने के एएसआई सर्वे की मांग पर सुनवाई 24 फरवरी को
इलाहाबाद हाईकोर्ट वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर में कथित शिवलिंग को छोड़कर वजूखाने के एएसआई सर्वे की मांग वाली याचिका पर 24 फरवरी को सुनवाई करेगा। वहीं, समान राहत की मांग वाली एक और याचिका को राखी सिंह की याचिका से जोड़ने का आदेश दिया गया है।

यह आदेश न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने राखी सिंह की ओर से दाखिल सिविल रिवीजन याचिका को सुनने के दौरान दिया। पहली याचिका राखी सिंह ने दाखिल कर वजूखाने के एएसआई सर्वे की मांग की है। वहीं, दूसरी याचिका भगवान विशेश्वर की ओर से दाखिल कर ज्ञानवापी मस्जिद के गुंबद के नीचे स्वयंभू ज्योतिर्लिंग का दावा करते हुए एएसआई सर्वे की मांग की गई है। हाईकोर्ट ने बुधवार को दोनों याचिकाओं पर सुनवाई की।

Trending Videos

मंदिर में चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित
फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर के काली माता मंदिर में चोरी का खुलासा करने व आभूषण बरामद होने पर बाजार के व्यापारियों ने पुलिस का सम्मान किया गया। बुधवार को व्यापारियों के आमंत्रण पर इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज आयुष ओझा समेत अन्य पुलिसकर्मियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों ने मां काली के मंदिर में पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान संजय जायसवाल, महेंद्र सिंह, कैलाश तिवारी, राकेश सिंह, अशोक सिंह उपस्थित थे। 

अशांति फैलाने पर रेलवे एक्ट में पांच का चालान
कैंट रेलवे स्टेशन के यात्री आश्रय के पीछे अशांति फैलाने के मामलेे में रेलवे एक्ट के तहत पांच व्यक्तियों का चालान किया गया। कैंट आरपीएफ पोस्ट प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि रिंकू अग्रहरि, अंकुर अग्रहरि, विपिन कुमार, अखिलेश कुमार, अरूण यादव के खिलाफ रेलवे एक्ट में चालान किया गया। 

सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को रोहनिया पुलिस ने किया गिरफ्तार
वाराणसी। सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट, धमकी मामले में दो आरोपियों को रोहनिया थाने की पुलिस ने बुधवार को अखरी अंडरपास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजेश तिवारी निवासी हालपता नेवादा राजेन्द्र विहार कालोनी, मूल निवासी खौली अमानीगंज अयोध्या और कन्हैया निवासी चन्दुआ हबीबपुर सिगरा के रूप में हुई है। पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया कि राजेश तिवारी व कन्हैया ने मारपीट और धमकी देकर दुष्कर्म किया।

गोकशी के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सिंधौरा। पुलिस ने गोकशी के आरोपी सत्य उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। विशाल ग्राम खेसीपुर थाना जलालपुर, जौनपुर का रहने वाला है। थाना अध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। चार माह पहले भगवतीपुर ग्राम में एक पिकअप में गोकशी के लिए ले जा रहे पशुओं को गाड़ी को पकड़ा गया था। उस समय आरोपी फरार हो गया था।

हैंडपंप से पानी लेकर युवती घर आई और फंदे से लटककर दे दी जान
उकथी गांव में युवती ने बुधवार सुबह फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुक्खू मौर्य की बेटी संजना मौर्य (22) सुबह छह बजे उठी और हैंडपंप से पानी लेकर घर में पहुंची और दोबारा दरवाजा बंद कर कमरे में सो गई। आठ बजे जब मां बिंदु देवी उसे उठाने के लिए पहुंची तो दरवाजा नहीं खुला।

परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो पंखे की कुंडी के सहारे वह लटकी थी। परिजन तुरंत उसे चिरईगांव स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अतिरिक्त थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मां की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ता रिहा
विधानसभा घेराव करने जा रहे महानगर अध्यक्ष समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुधवार दोपहर के बाद रिहा किया गया। महानगर अध्यक्ष को बीती रात कैंट रेलवे स्टेशन से हिरासत में गया लिया था। उन्हें रात भर पुलिस लाइन में रखा। महानगर अध्यक्ष समेत सभी कार्यकर्ताओं को निजी मुचलके पर रिहाई दी गई। आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से ठंड के लिए किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई।

पीने के पानी तक की भी व्यवस्था नहीं थी। राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार लगातार लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर रही है। यह निंदनीय है। इस दौरान फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, वकील अंसारी, अशोक सिंह, असलम खां शामिल रहे।

दहेज प्रताड़ना में पति समेत तीन दोषमुक्त
दहेज प्रताड़ना में पति, सास व ससुर को न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) प्रियल शर्मा की अदालत ने दोष मुक्त किया है। सकलेनाबाद, गाजीपुर निवासी आरोपी पति तुषार सिंह, सास पूनम सिंह व ससुर सच्चिदानंद सिंह पर आरोप सिद्ध न होने पर उन्हें दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी प्रगति सिंह ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी शादी तुषार सिंह के साथ 29 नवंबर 2012 को हुई थी। दहेज में कार, एसी और दो लाख नगद की मांग को लेकर ससुराल वाले प्रताड़ित करते हैं।

वीडीए ने 5 अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से बुधवार को पांच अवैध निर्माण सील किए गए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार नगवां वार्ड के राजेंद्र विहार काॅलोनी नेवादा में अजय तिवारी और अन्य की ओर से बगैर नक्शा पास कराए हो रहे अवैध निर्माण को सील किया। भेलूपुर वार्ड में राजीव झा, जयदीप चक्रवर्ती की दो दुकानों के अवैध निर्माण को सील किया। वहीं, शिवपुर वार्ड में दांदूपुर गरुड़ लाॅन के बगल में बीना सिंह को नोटिस देने के बावजूद जारी अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया।

सपा एमएलसी ने विधानसभा में बिजली से जुड़े किए सवाल
सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने विधानसभा में कहा कि बिजली निगम में जनता का पैसा लगा है। पूर्वांचल डिस्काॅम में निजी कंपनी के आने से बलपूर्वक वसूली की जाएगी। गरीबों का शोषण किया जाएगा। पूर्वाचल डिस्काॅम को तीन कंपनियों में बांटकर 6000 करोड़ में बेचने की तैयारी की गई है। बिजली निगम की अरबों की जमीन मात्र एक रुपये की लीज पर दी जा रही है। 

टोरंट पावर की ओर से वसूली कर अपनी जेबें भरी गईं। वर्तमान सरकार एक लाख करोड़ के बिजली उपकरणों और चल संपत्तियों को 6000 करोड़ रुपये में बेचकर निजी कंपनी को अधिकार देना चाहती है। किसी सिस्टम को अपग्रेड करने में जब जनता के हजारों करोड़ रुपये लगाए जा रहे हैं तो उसे निजीकरण के नाम पर किस चहेते पूंजीपति को देने की डील की गई।

छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दूसरे दिन भी छात्रों ने धरना प्रदर्शन जारी रखा। सोमवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था, जिसका संज्ञान न लेने पर धरना जारी रहा। छात्रनेता आशुतोष तिवारी हर्षित ने कहा कि जब तक एक भी मांग बाकी रहेगी तब तक धरना चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर रोपवे कार्य के लिए बिजली उपकेंद्र बनेगा तो उसके बनने से ललित कला विभाग के छात्रों को खतरा रहेगा। धरना प्रदर्शन में छात्र नेता शिवम तिवारी, राहुल पांडेय, सुधांशु मिश्रा, निशांत सिंह, प्रियांशु त्रिपाठी, आदि छात्र रहे। 

छावनी क्षेत्र के चार होटलों में आग से बचाव के इंतजाम नहीं
एडीएम प्रोटोकॉल प्रकाश चंद्र और फायर ब्रिगेड ने बुधवार की रात छावनी क्षेत्र के चार होटलों में आग से सुरक्षा बचाव उपकरणों की जांच की। इन होटलों में आग सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। सिल्क सिटी, रियो बनारस, पार्क प्लाजा, जियान होटल में इंट्री और एग्जिट गेट, किचन और पार्किंग समेत अन्य स्थानों पर आग सुरक्षा बचाव के इंतजाम नाकाफी थे। होटल संचालकों को नोटिस जारी होगी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम बनाकर जांच कराई गई। टीम को कई कमियां मिलीं। इसकी रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।

भक्त के प्रेम व कल्याण के लिए प्रभु ने लिया अवतार
वृंदावन धाम की कथावाचिका प्रिया किशोरी ने कहा कि भगवान का पृथ्वी पर अवतार लिए भक्त के प्रेम व संतों के कल्याण के लिए हुआ है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को हमें आत्मसात करने की जरूरत है। क्योंकि उनका जीवन मानव के कल्याण का संदेश देता है।

अस्सी स्थित हरिहर बाबा आश्रम में चल रही संगीतमय श्रीरामकथा के चौथे दिन बुधवार को उन्होंने भगवान के पृथ्वी पर अवतार के विभिन्न कारणों का वर्णन किया। कहा कि जय-विजय, तुलसी माता व नारद मुनि के द्वारा भगवान विष्णु को श्राप आदि कारणों से भगवान का अवतार हुआ। नारद मुनि को अहंकार आया कि वे कामदेव को जीत लिए हैं, लेकिन भगवान विष्णु ने माया की नगरी बना दिया और नारद जी विश्वमोहिनी रूप देखकर मोहित गए है। 

इस छल से क्रोधित होकर नारद मुनि ने विष्णु जी को श्राप दिया कि उनकी पत्नी का हरण होगा और उनकी मदद बंदर करेंगे। अंत आरती मुख्य यजमान आश्रम की दीपा मां ने आरती की। कलाकार भजनों से सभी को खूब झुमाया। गुरुवार को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की कथा होगी। कथा 21 दिसंबर तक दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगी।

बिजली निगम निजीकरण पर आज विरोध करेंगे कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर कर्मचारी बृहस्पतिवार को शहीदों के सपनों का भारत बनाओ - बिजली का निजीकरण हटाओ दिवस मनाकर विरोध दर्ज करवाएंगे। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बिजलीकर्मी भिखारीपुर के हनुमान मंदिर पर कार्यालय अवकाश के बाद शाम 5 बजे से विरोध होगा।

संघर्ष समिति मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने बयान दिया था कि निजीकरण का पीपीपी मॉडल इसलिए जरूरी है क्योंकि पावर काॅर्पोरेशन में कोई प्रेरक तत्व नहीं है, यह गलत है। यह सोचने की जरूरत है कि बिना प्रेरक तत्व देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति का कीर्तिमान स्थापित कर बिजली कर्मियों ने प्रतिमान परिवर्तन कर दिखाया है।

19 दिसंबर को काकोरी क्रांति के अमर शहीदों के बलिदान दिवस पर पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां को श्रद्धांजलि देकर विरोध सभा की जाएगी। कहा कि सरकार को जल्दबाजी में प्रदेश के 42 जनपदों के निजीकरण का फैसला वापस लेना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो इसका प्रायश्चित आम उपभोक्ताओं को बहुत महंगी बिजली खरीदकर करना पड़ेगा।

निर्माण से पूर्व नक्शा पास कराना जरूरी
वीडीए सीमा के तहत छोटे या बड़े भूखंड पर किसी भी प्रकार का निर्माण कराने के लिए नक्शा पास कराना जरूरी है। शहर के भीतर छोटे छोटे प्लाॅट मालिकों की ओर से चार-पांच मंजिला मकान बना दिया जा रहा है। जिससे दिक्कत आ रही है। वीडीए बोर्ड में भी यह मुददा उठा था। उस दौरान वीडीए के अधिकारियों ने साफ किया कि छोटा या बड़ा किसी भी प्रकार का निर्माण कराने से पूर्व वीडीए से नक्शा पास कराना जरूरी है। 

ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रावधान है। पहले नोटिस दिया जाता है। इसके बाद शमन न कराने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है। इसके लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को हिदायत दी गई। नियमित समीक्षा की जा रही है। कई अवैध निर्माणों को सील करने और अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।

अंग्रेजी शराब के साथ यात्री कैंट स्टेशन से गिरफ्तार
कैंट जीआरपी ने बुधवार को प्लेटफॉर्म संख्या एक से यात्री को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 46 बोतल बरामद की गई। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान राज किशोर ताती निवासी माधोपुर झकौली बहेरा दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। 

हत्या के प्रयास में वांछित गिरफ्तार
हत्या के प्रयास में वांछित को सिगरा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान लल्लापुरा माताकुंड निवासी इश्तियाक उर्फ शेरू के रूप में हुई है। पिछले दिनों हत्या के प्रयास में उसकी तलाश चल रही थी। 

किशोरी की अश्लील वीडियो वायरल मामले में आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाने क्षेत्र के एक गांव में किशोरी की अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर वायरल करने के मामले में आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सिरीहिरा गांव निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से किशोरी ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। पिता की तहरीर पर पॉक्सो समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। 

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और वीडियो वायरल करने के मामले में आरोपी को सिंधोरा पुलिस ने बुधवार को गड़खड़ा गांव से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अमित राजभर निवासी सिंधोरा के रूप में हुई है। पीड़िता ने केस दर्ज कराया था कि उसे शादी का झांसा देकर आरोपी होटल में ले गया। फिर शारीरिक शोषण कर वीडियो बना ली। ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा।

नाबालिग से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज
तड़िया छाही में बुधवार को छेड़खानी के मामले में सारनाथ पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बताया जाता है कि तड़िया छाही की नाबालिग के साथ गांव के एक युवक ने छेड़छाड़ की। परिजनों के मना करने पर अपशब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी। परिजनों ने स्थानीय थाने पर तड़िया छाही के सुनील राजभर के खिलाफ तहरीर दी। 

रास्ते भटकने वाली महिला को घर पहुंचाया
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में बीती रात भ्रमण के दौरान पुलिस को 42 साल की महिला सड़क पर भटकते मिली। महिला नाम-पता बताने में असमर्थ रही। पुलिस महिला को लेकर थाने लाई। महिला कांस्टेबल की पूछताछ के बाद महिला ने अपना नाम संजू राजभर निवासी जाल्हूपुर बताया। पुलिस ने चौबेपुर पुलिस को सूचना दी। महिला के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह बिना बताए घर से निकल गई थी और रास्ता भटक गईं।

प्रथम चरण में नौ बकायेदारों का जल और सीवर कनेक्शन काटा गया
नगर निगम ने बुधवार को जल और सीवर कर के बकायेदारों के खिलाफ कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया। पहले दिन नौ बड़े बकायेदारों का सीवर और पेयजल कनेक्शन काटा गया। कनेक्शन काटने पहुंची टीम को चार भवन स्वामियों ने 4.27 लाख रुपये बकाया कर जमा किया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह ने बड़े जल कर और सीवर कर बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। 

पहले दिन ही नौ बड़े बकायेदारों का पानी और सीवर कनेक्शन बंद कर दिया गया। प्रथम चरण में 102 बड़े बकायेदार चिन्हित किए। इन पर 2.5 करोड़ का जल और सीवर कर बकाया है। चार भवन स्वामियों ने कनेक्शन काटने से पहले टीम को 4.27 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। कार्रवाई में आदमपुर और खोजवा के बकायेदारों का कनेक्शन काटा गया। महाप्रबंधक जलकल ने बताया कि बड़े बकायेदारों की दूसरी सूची भी तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रोपवे : रोप पुलिंग का काम हुआ पूरा
रोपवे पर रोप पुलिंग का काम पहले फेज में पूरा कर लिया गया है। इसमें 55 एमएम तक का काम पूरा कर लिया गया है। पिछले करीब एक महीने से रोप पुलिंग का काम चल रहा था। जल्द ही यहां ट्रायल का काम शुरू किया जाएगा। इधर अभी गोदौलिया स्टेशन की जगह तय नहीं हो पाई है। इसे लेकर भी वीडीए और कार्यदाई संस्था जगह तलाश कर रही है। जल्द ही जगह चिन्हित होने के बाद वहां स्टेशन निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।

तहसील बार एसोसिएशन : रमेश अध्यक्ष, जितेंद्र महामंत्री बने
तहसील बार एसोसिएशन सदर के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर रमेश कुमार यादव और महामंत्री पद पर जितेंद्र नारायण यादव निर्वाचित हुए। बुधवार को हुए चुनाव में दोनों निर्वाचित पदाधिकारियों को 110-110 मत मिले। वहीं, अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशियों में अशोक कुमार को 42, राजू कुमार को 37 और महामंत्री पद के नजदीकी प्रत्याशी राधेश्याम शर्मा को 79 मत मिले। अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव परिणाम की घोषणा चुनाव समिति के अध्यक्ष कमला प्रसाद यादव ने किया। निर्विरोध कोषाध्यक्ष दीप दर्शन प्रसाद समेत प्रबंध समिति के सदस्य के तौर पर हेमंत कुमार सिंह, संजय कुमार आर्या, राजेश कुमार राय, नौशाद अली चुने गए।

शिविर में 71 बुजुर्गों का हुआ परीक्षण
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में पंजीकरण शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें 60 वर्ष से अधिक दिव्यांग बुजुर्गों को सहायक कृत्रिम उपकरण विरतरित किया गया। जिसमें कुल 71 पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर पंजीकरण किया गया। एलम्को के पुर्नवास विशेषज्ञ आदर्श द्विवेदी ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता अनुसार 36 दिव्यांगजन और 35 वरिष्ठजनों का परीक्षण हुआ। उपकरणों का वितरण 25 दिसंबर को किया जाएगा। शिविर में बीडीओ वीरेंद्र द्विवेदी, डॉ. एसके शुक्ला, शील भूषण त्रिपाठी, हरिशंकर और तुषार वर्मा आदि उपस्थित रहे।

अंतरविद्यालय बास्केटबॉल का समापन गुरुवार को
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल कोइराजपुर के बास्केटबॉल कोर्ट में बुधवार को डॉ. राम सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज टूर्नामेंट का द्वितीय संस्करण शुरू हुआ। अंतरविद्यालय प्रतियोगिता में जिले के 15 विद्यालय प्रतिभाग कर रहे हैं। संस्था की निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने कहा कि खेल की प्रतिस्पर्धा को जीवन के विभिन्न आयामों से जोड़ते हुए आगे बढ़ें। प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को होगा। कार्यक्रम में जितेंद्र पांडेय, शेफाली श्रीवास्तव, काशी नाथ सिंह उपस्थित रहे। 

युवा संसद के लिए बीएचयू-विद्यापीठ के 4 विद्यार्थियों का चयन
बीएचयू और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के चार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद (एनआईवीपी 2025) के लिए चुना गया है। बीएचयू से संबद्ध डीएवी पीजी कॉलेज के दो छात्र प्रशांत तिवारी व आदित्य कुमार दुबे और वसंत कन्या महाविद्यालय की संजना परमार युवा संसद में हिस्सा लेंगी। वहीं, काशी विद्यापीठ की खुशी यादव का चयन हुआ है। अगले साल जनवरी में राजस्थान विधानसभा में पर्यावरण युवा संसद होगा। 

डीएवी पीजी कॉलेज की पर्यावरण कमेटी की समन्वयक डॉ. आहुति सिंह ने बताया कि बीते दिनों लखनऊ विश्वविद्यालय में हुए जोनल स्तर के कार्यक्रम में बीएचयू और विद्यापीठ के कुल चार छात्रों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। इसमें 18 विश्वविद्यालयों से लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। 

पंचक्रोशी मार्ग पर मांस और मछली की दुकानें बंद कराने की मांग
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर मातल देवी, भीमचंडी, कचनार में लोगों ने मांस और मछली की दुकानों को बंद कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे मांस मछली बेची जाती है। उसके अवशेष भी वहीं फेंक दिए जाते हैं। इस मार्ग से दक्षिण भारत के श्रद्धालु आते रहते हैं। यह भारतीय परंपरा के खिलाफ भी है। स्थानीय लोगों ने इस पर जिला प्रशासन से रोक लगाने मांग की है।

सड़कों की डिजाइन प्रतियोगिता में जनता को भी करें शामिल
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को वीडीए में विकास कार्यों की बैठक हुई। वीडीए सचिव ने कंसल्टेंट एजेंसी से कहा कि सड़कों की डिजाइन प्रतियोगिता में आम नागरिकों को भी शामिल करें। बेहतर डिजाइन को चुनकर उसी के अनुसार कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि रामनगर सड़क और अस्सी से रविदास पार्क की स्ट्रीट की दोबारा डिजाइन बनाई जाए। रामनगर में किले से लेकर घाट तक सुंदरीकरण के लिए जारी विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्दी ताल पर चल रहे विकास कार्य की समीक्षा की गई।

छात्रवृति की समस्या को लेकर की गई बैठक
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बुधवार को शासन स्तर से संचालित हो रही विभिन्न योजनाओं पर बैठक हुई। कई योजनाओं पर असंतोष प्रकट किया। बैठक में विशेष रूप से छात्रवृति पर चर्चा की गई। समाज कल्याण अधिकारी ने 32 इंटर कॉलेज और 90 हाईस्कूल विद्यालयों के प्रधानाचार्य और छात्रवृति के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया। कहा कि समय सारणी के अनुसार सभी स्कूलों में बच्चों का बायोमैट्रिक सत्यापन करा लें। 

बायोमैट्रिक न होने से हजारों बच्चों की छात्रवृति को फॉरवर्ड नहीं की गई। अगर विद्यालयों ने छात्रवृति का काम पूरा नही किया तो उन पर उचित कार्रवाई होगी। पीएम सूर्य के अंतर्गत विद्यालय प्रधानाध्यापकों को आईडी बनाकर नंबर जेनरेट करने का निर्देश दिया। बैठक की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने की। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यापीठ के छात्रों ने जाना इनोवेशन का महत्व
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित कार्यशाला में इंक्यूबेटेड स्टार्टअप की ओर से विद्यार्थियों को इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के बारे में बताया गया। प्रबंध अध्ययन संस्थान में आयोजित कार्यशाला में इंटर्न प्रोजेक्ट मैनेजर निहाल सोनकर ने कहा कि नवाचार छात्रों के लिए एक शक्तिशाली उपकरण है।

नवाचारी सोच विकसित करके, छात्र समस्याओं को रचनात्मक तरीके से हल कर सकते हैं। नए अवसरों का पता लगा सकते हैं और जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला, प्रो. अभिषेक कुमार सिंह, प्रो. मोहम्मद आरिफ, साक्षी केसरी आदि मौजूद रहे।

बैठक में बनारस दपर्ण ई पत्रिका का लोकार्पण
बरेका के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में बुधवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने की। बैठक में बनारस दर्पण ई-पत्रिका का लोकार्पण हुआ। इसके साथ ही कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बरेका, जलविज्ञानी प्रेक्षण परिमंडल, क्षेत्रीय रेशमी प्रौद्योगिकी संस्थान, मौसम कार्यालय, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और भेल को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि वाराणसी ने हिंदी भाषा के समृद्धीकरण में अनूठा योगदान दिया है। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने राजभाषा की प्रगति और प्रचार-प्रसार करने की बात कही। इस बैठक में डॉ. संजय कुमार सिंह और जनसंपर्क अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध प्लॉटिंग कराएं ध्वस्तीकरण
वीडीए अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए में लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जोन-1 के वार्ड शिवपुर, सिकरौल और विन्यास में विगत शमन शुल्क मद में 6,50,487 रुपये जमा हुए। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल शमन धनराशि 6,92,68,827 रुपये जमा कराई। जोन-2, के वार्ड-सारनाथ, जैतपुरा, आदमपुर और विन्यास में शमन शुल्क मद में 16,48,353 रुपये जमा कराए। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल शमन धनराशि 6,63,23,831 रुपये जमा कराई। 

जोनल अधिकारियों को स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन और विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया। सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण तरीके से एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश दिए।

निबंध में अर्चना मौर्या को मिला प्रथम स्थान
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बुधवार को फिट इंडिया वीक के तहत दूसरे दिन निबंध प्रतियोगिता हुई। प्रथम स्थान पर अर्चना मौर्या, द्वितीय स्थान पर दीपिका एवं तृतीय स्थान पर शिव ओम दत्त मालवीय रहे। शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव ने कहा कि व्यायाम शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। प्रतियोगिता का प्रारंभ चंद्रमौली तिवारी के वैदिक मंगलाचरण से हुआ। आचार्य डॉ. कुंज बिहारी द्विवेदी ने प्रकाश डाला। प्रशिक्षक आदित्य कुमार ने कहा कि खेल को जीवन में धारण करने से दवाओं से मुक्ति मिलती है।

गांव में मिली गंदगी, सफाई कर्मियों का वेतन रोका
एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बुधवार को ग्राम पंचायत गौराकला, शंकरपुर, मढ़नी का निरीक्षण किया। सामुदायिक शौचालयों में गंदगी व जगह-जगह कूड़ा मिला। ग्राम पंचायत गौरा कला में सफाई कर्मचारी त्रिलोकी, मोती व संतोष, ग्राम पंचायत शंकरपुर के सफाई कर्मचारी संजय कुमार व राजेश कुमार और ग्राम पंचायत मढ़नी के सफाई कर्मचारी धनंजय व मनोज सोनकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सभी के एक माह के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई। पंचायत सचिव बीना सोनकर को निर्देश दिया कि सामुदायिक शौचालय खुलवाएं और उनके बाहर केयर टेकर का नाम और नंबर लिखवाएं। 
विज्ञापन

संजय सिंह की भाषा निम्न स्तर की, लूट के लिए राजनीति में आए
भाजपा सांसद मनोज तिवारी बुधवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने आप सांसद संजय सिंह के बारे में कहा कि उनकी भाषा निम्न स्तर की है। उनकी पार्टी के नेता लूट के लिए राजनीति में आए हैं।

मनोज तिवारी ने कहा कि राज्यसभा में निम्न स्तरीय भाषा इस्तेमाल करना आम आदमी पार्टी के नेताओं का काम है। कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की पत्नी ने संजय सिंह पर 100 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि प्रमोद सावंत का परिवार सदाचार व नैतिकता का एक उदाहरण है। छिछोरे नेताओं की बातों को जनता और कानून गंभीरता से ले रहा है। ऐसे लोगों को जनता और कानून दोनों सजा देगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें