व्यापारियों एवं जनहित के मुद्दे पर सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त गौरांग राठी को घेरा। साथ ही शहर की समस्याओं को दूर कराने के लिए पांच सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा। सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने अकबर अली की मौत की जांच और मुआवजे की मांग की। जिसे नगर आयुक्त ने मान लिया। संजय गांधी मार्केट और वहां के व्यापारियों की दयनीय स्थिति के बारे में बताया। कहा कि इसे तोड़ते समय व्यापारियों को दुकान देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक दुकानें नहीं मिलीं। गोदौलिया पर बने शौचालय में केवल एक सीट का निर्माण हुआ। इस पर नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के आर्किटेक्ट को तलब किया। वहीं, सपा पार्षदों के इलाकों में विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाया। गोदौलिया से मैदागिन मार्ग के निर्माण में देरी से दुकानदारी प्रभावित होने की बात कही। पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, डॉ. ओपी सिंह ने खराब स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया। महानगर महासचिव जितेंद्र यादव ने जलजमाव की स्थिति से अवगत कराया। पार्षद दल के नेता कमल पटेल व मुख्य सचेतक हारून अंसारी ने नगर निगम की कार्यशैली के बारे में बताया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद वरुण सिंह, शंकर विश्नानी, सत्यप्रकाश सोनकर, गोपाल यादव, मनोज यादव, प्रदीप जायसवाल, संदीप शर्मा, अब्दुल कलाम कुरैशी शामिल रहे।
इनसेट
सपा नेता ने दिया धरना, कार्रवाई की मांग
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से क्षुब्ध सपा नेता संदीप शर्मा ने बेनियाबाग पर धरना दिया। सपा नेता ने नगर निगम पर मंदिर को क्षतिग्रस्त कराने का आरोप लगाया। कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मंदिर को क्षति पहुंचाई है। नगर आयुक्त से हस्तक्षेप कर मंदिर की मरम्मत कराने की मांग की। प्रवर्तन दल के अनुसार मंदिर को नहीं बल्कि आसपास बने दो चबूतरे को तोड़ा गया है। जो यातायात में बाधक बने थे।