सगड़ी क्षेत्र में भी समर्थकों से मिलने पहुंचे शिवपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश भ्रमण के क्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव दूसरे दिन शुक्रवार को भी आजमगढ़ में रहे। इस दौरान पत्र-प्रतिनिधियों से मिले इसके बाद सगड़ी तहसील में पूर्व विधायक मलिक मसूद के आवास पर भी गए।
छतवारा स्थित अभिषेक सिंह आशु के आवास पर प्रेसवार्ता में शिवपाल यादव ने कहा कि देश में महागठबंधन बना ही नहीं था। अगर नेताजी के नेतृत्व में महागठबंधन बनता तो आज ऐसी स्थिति नहीं आती।
अखिलेश नेताजी को सम्मान देते तो ऐसी स्थिति नहीं आती। उन्होंने कहा कि अभी भी समय है अगर समाजवादी एकजुट नहीं हुए तो नेताजी के नेतृत्व में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाएंगे।
मुलायम सिंह यादव को राज्यपाल बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और अगर इस तरह का कोई प्रस्ताव आता भी है तो नेताजी उसे स्वीकार नहीं करेंगे। प्रदेश सरकार के बारे में उन्होंने कहा कि अपराध बढ़े हैं । इस पर लगाम लगाने की जरूरत है।
प्रेसवार्ता के बाद शिवपाल यादव सगड़ी में पूर्व विधायक मलिक मसूद के आवास पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। वहां उन्होंने कहा कि देश का विकास नेता जी के नेतृत्व में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाकर किया जा सकता है। अखिलेश को सारी जिम्मेदारी नेता जी को सौंप देनी चाहिए।
कटान के बारे में उन्होंने कहा कि घाघरा में जब कटान होने लगती है तक अधिकारी काम करने में जुटते हैं। बताया कि हाजीपुर पुल के लिए के लिए मैंने 10 करोड़ रुपया मुक्त कराए थे। हम रहे होते तो इसका शिलान्यास भी करते। लेकिन हमारे साथ दुर्घटना हो गई जिससे विकास कार्य रुक गया।
मेरे रहते पीडब्ल्यूडी में एक भी घोटाला नहीं हुआ है। हमने फर्जी कंपनी को टेंडर नहीं दिया है औ न ही कोई काम बिना टेंडर के हुआ।