दो- दो बार 12 घंटे ठप रही हाइवे पर वाहनों की आवाजाही
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड तिराहे पर मंगलवार की रात कोयला लोड ट्रक और ट्रेलर के चपेट में आने से तेल कारोबारी आकाश गुप्ता (32) की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना से नाराज लोग सड़क पर उतर आए और मुआवजा के साथ सड़क से कोयला ढुलाई बंद करने की मांग पर अड़ गए। इसके चलते दो बार 12 घंटे तक आवागमन ठप रहा।
घटना मंगलवार रात करीब दस बजे की है। बस स्टैंड बाजार के रहने वाले तेल कारोबारी आकाश गुप्ता (32) कुछ साथियों के साथ तिराहे पर लगी दुकान पर फालूदा खा रहे थे। इसी दौरान पहले से खडिय़ा खदान से कोयला लोड कर खड़ा ट्रक ट्रेलर अचानक चालक ने स्टार्ट कर दिया। इसकी चपेट में आने से आकाश के साथ बाजार का रहने वाले राजनरायण शाह (25) सहित एक अन्य युवक घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को एनसीएल के नेहरू शताब्दी अस्पताल भिजवाया गया जहां डाक्टरों ने आकाश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। घटना से नाराज परिजन और बाजार के व्यवसायी सड़क पर उतर आए और शक्तिनगर-वाराणसी सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह रात करीब दो बजे के करीब जाम समाप्त कराया।