सोनभद्र। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में शनिवार को डीएलएड प्रशिक्षण 2017 चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा देते एक मुन्ना भाई को पकड़ा गया। शिक्षकों ने पकड़े गए दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने वाले युवक को पुलिस को हवाले कर दिया। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने कॉलेज की प्रधानाचार्या की तहरीर पर आरोपी धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि शनिवार को 12 बजे से एक बजे सप्तम प्रश्न पत्र अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा प्रश्न पत्र का मिलना करवाया जा रहा था। इस दौरान पाया गया कि हरिश्चंद्र चौधरी महाविद्यालय किरविल के परीक्षार्थी मो. कमरूद्दीन के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी धीरेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा जिसने अपने गांव का नाम टोडार पोस्ट सिधउत जिला गाजीपुर बताया।
शिक्षकों ने दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहे पकड़े गए आरोपी के बारे में पुलिस को सूचना देते हुए उसको सुपुर्द कर दिया। कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि हिररासत में लिए गए आरोपी धीरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी ने अपना नाम और पता सही बताया है या गलत इसकी भी जांच की जा रही है।