फूलपुर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से खुलासा कर युवक को भेजा जेल
- फोटो : twitter
खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच कर पिता से दस लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले युवक को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फूलपुर थाना अंतर्गत गोढि़या निवासी रवींद्र कुमार किसानों के गल्ले का उधार पैसा नहीं दे सका तो खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच कर पिता से दस लाख रुपये की फिरौती मांगी। फूलपुर पुलिस ने रविवार को मामले का खुलासा कर रवींद्र कुमार को जेल भेज दिया।
गोढि़या निवासी मूलचंद्र ने 19 मई को फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके बेटे रवींद्र का अपहरण कर दस लाख की फिरौती मांगी गई है। फूलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस की मदद से तस्दीक की तो पता लगा कि रवींद्र इलाहाबाद में एक होटल में ठहरा हुआ है।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने पुलिस लाइन में बताया कि रवींद्र अपने मोबाइल से ही अपने पिता को फोन करता था और उसका कहना था कि उसे बांध कर रखा गया है।
रवींद्र के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और लोकेशन पता की गई तो सामने आया कि वो पांच मई से आठ मई तक इलाहाबाद में एक होटल में कमरा लेकर रह रहा है।
पुष्टि कर दरोगा सुधाकर प्रसाद, विवेक सिंह व विवेक त्रिपाठी और संतोष की टीम रवींद्र को इलाहाबाद से ले आई। पूछताछ में रवींद्र ने बताया कि किसानों के गल्ले का उधार पैसा चुका पाने में उसने खुद को अक्षम पाया तो अपहरण कर फिरौती मांगे जाने की फर्जी कहानी रचा।