यूपी (UP) के बलिया जिल में डीजे में लगी सोडियम लाइट (Sodium light) के लीक होने से निकली गैस की चपेट में आने से दो दर्जन किशोरों की आंखों में जलन होने का मामला सामने आया है। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जिले के मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धसका में बसंत पंचमी पर स्थापित सरस्वती पूजा के कार्यक्रम में डीजे लगाया गया था और सोडियम लाइट भी जलाई गई थी। आधी रात के बाद डांस के दौरान सोडियम लाइट कहीं से लीक हो गई और इससे गैस निकलने लगी।
जब तक लोग कुछ समझ पाते, गैस ने वहां मौजूद राजभर परिवार के जितेंद्र (18), सोनू (16), ईश्वर (18) संजीव (17), बृजेश (19), ओंकार (16), विशाल (17), सतीश (15), अवधेश (19), धीरेंद्र (13), सागर (12), शनि (10), मंटू (18), मोहित (17), जयकुमार (19), नंदलाल (15), आशुतोष (16), अभिषेक (14), नितेश (15), मोहन (16), पंकज (14), विकास (18), रितेश (19) को अपनी चपेट में ले लिया। उनकी आंखों से पानी गिरने के साथ ही तेज जलन शुरू हो गई।
कुछ ही देर में आंखों से कम दिखाई देने लगा। सभी बच्चे अपनी-अपनी आंख पकड़ कर बैठ गए। धीरे-धीरे यह बात फैल गयी। पीड़ित युवकों के परिजन उन्हें लेकर आनन फानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया जहां बच्चों के इलाज के लिए परिजन परेशान रहे।
प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने सभी पीड़ितों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत डॉ. शहाबुद्दीन ने बताया कि सोडियम लाइट से निकली गैस के शिकार हुए युवकों को प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।