ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस क्रम में बृहस्पतिवार को पीएचसी प्रभारी समेत 50 नए संक्रमित मरीज पाए गए हैं। वहीं छह संक्रमित मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जिले में कुल संक्रमितों की सख्या 6806 तक पहुंच गई है। जबकि 66 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो गए जिससे एक्टिव केस की संख्या घटकर 774 हो गई है। अब कुल ठीक होने वालों की संख्या 5904 पहुंच गई। 100 से अधिक लोगों की अब तक मौत हो गई है। दरअसल जनपद में कोरोना संक्रमण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं लोग काल के गाल में समा रहे है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 50 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि छह लोगों की जिंदगी कोरोना ने फिर डंस लिया है। जिसमें से तीन सरकारी अस्पताल और तीन निजी अस्पताल में अंतिम सांस लिए। इससे जिले में भय का माहौल व्याप्त है। हालांकि नए संक्रमित मिलने से अधिक ठीक होने वालों की संख्या थोड़ा राहत भरा रहा है। कोरोना संक्रमण के नियंत्रण को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और पुलिस भी सख्ती दिखा रही है। कोरोना गाइड लाइन की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। लेकिन इसका असर कम दिख रहा है। लोग बिना कारण बाजारों और सड़कों पर बिना मास्क के घूम रहे हैं। निर्धारित अवधि में बाजार खुलने पर लोग कोरोना प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जिससे कोरोना संक्रमण नियंत्रण में होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। वहीं बृहस्पतिवार को मिले नए संक्रमितों में मवैया थानपुर में छह अर्जुन पुर में एक, बनकट में एक, नवधन में एक ज्ञानपुर में तीन, भदोही दो, भिदिवरा में एक जखांव में एक, सुरियावां दो, तिलंगा में एक, वैदा में एक, गोधना में एक जोगनिका में एक, पीएचसी दुर्गागंज में एक, कोलहुआ पांडेयपुर में दो, सीएचसी औराई में एक, भवानी पुर में एक सीएचसी सुरियावां में एक समेत अन्य क्षेत्रों में संक्रमित मरीज मिले है। कोरोना का संक्रमण जिले में मार्च महीने के दूसरे पखवारे से बड़ी तेजी से बढ़ा है। होली और चुनाव के मद्दे नजर मुंबई, गुजरात, दिल्ली से प्रवासी बड़ी संख्या में अपने घर लौटे। माना जा रहा है कि प्रवासियों से यहां संक्रमण का फैलाव तेजी से हुआ। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाएं जा रहे हैं। जांच बढ़ा दी गई है। इलाज के दौरान छह संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। नए मिले संक्रमित को होमआइसोलेशन में रखकर जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन करे सावधानी और नियमों का पालन करने से ही संक्रमण को रोका जा सकता है।