वाराणसी में रविवार को दिन में 218 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत के बाद रात में दो प्रवासियों समेत छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें पहले से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले चार लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 276 पहुंच गई है।
कोविड अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 23 मरीजों को रविवार को डिस्चार्ज किया गया। इसमें ईएसआई अस्पताल में भर्ती 12 और दीनदयाल अस्पताल में भर्ती 11 मरीज शामिल हैं। सीएमओ ने बताया कि डिस्चार्ज हुए मरीजों में दो पुलिस कर्मी के साथ ही 21 अन्य में परसड़ा, रतनपुर, शूलटंकेश्वर, भटौनी, विक्रमपुर, लोकापुर, यमुना नगर कॉलोनी, दीनदयालपुर, गुलाबबाग, बलुआ रोड, गौरा, करधना एवं बड़ी पियरी हॉट स्पॉट से संबंधित लोग हैं।
कोरोना का संक्रमण कितनी तेजी से बढ़ रहा है, उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले बीस दिन में 119 मरीज मिल चुके हैं। 26 मई को 152 रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद से एक दिन में दो से लेकर 18 मरीज तक एक दिन में मिल चुके हैं। इसमे 31 मई को 14, तीन जून को 13, चार को 11, पांच जून को 18 मरीज मिले।