एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर आउट होने के मामले की जांच कर रही एसआईटी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के अध्यक्ष को 12 सवालों की सूची सौंप कर दो दिन में जवाब देने को कहा है। अध्यक्ष के जवाब के आधार पर जिला जेल में निरुद्ध यूपीपीएससी की परीक्षा नियंत्रक अंजू लता कटियार और कोलकाता निवासी प्रिंटिंग प्रेस के मालिक कौशिक कुमार को रिमांड पर लेकर आमने-सामने बैठा कर पूछताछ की जाएगी।
इस तरह से प्रकरण में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की पूर्वांचल से लेकर कोलकाता तक छापेमारी जारी है, लेकिन अब तक कोई हत्थे नहीं चढ़ सका है। एसटीएफ ने बीती 28 मई को चोलापुर क्षेत्र से कौशिक कुमार को गिरफ्तार कर 2018 में यूपीपीएससी द्वारा आयोजित एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर आउट होने के प्रकरण का खुलासा किया था।
कौशिक के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप चैट के आधार पर 30 मई को मिलीभगत के आरोप में प्रयागराज से अंजू कटियार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने जांच के लिए एसपी क्राइम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है, जो साक्ष्य जुटा रही है। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि एसआईटी तफ्तीश कर रही है। सामने आए तथ्यों और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी की अब तक की तफ्तीश में जो जानकारियां मिली हैं, उसके अनुसार यूपीपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं के पेपर आउट कराने वाले गिरोह में 50 से 60 लोग शामिल हैं। सभी को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की जाएगी।