वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के बाल रोग विभाग में आने वाले गंभीर बच्चों को अब बेहतर इलाज मिलेगा। अस्पताल में पहले से चल रहे पीआईसीयू, आउट बोर्न नर्सरी के साथ ही अब आठ बेड के एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) में भी गंभीर बच्चे भर्ती किए जा रहे हैं। यहां वे सभी सुविधाएं हैं, जो एक आईसीयू में मिलनी चाहिए।
बाल रोग विभाग में हर दिन ओपीडी में 300 से अधिक बच्चे बनारस समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आते हैं। इसमें सुविधानुसार जनरल वार्ड के साथ ही गंभीर बच्चों को 6 बेड के पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट), 8 बेड के आउट बोर्न नर्सरी में भर्ती किए जाने की व्यवस्था है। अब आठ बेड का एचडीयू भी यहां शुरू हो गया है। बनारस में फिलहाल किसी सरकारी अस्पताल में बच्चों के लिए अलग से एचडीयू की सुविधा न होने से जरूरत पड़ने पर परिजनों को इधर-उधर भटकना पड़ता है, लेकिन अब उन्हें एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी।
बीएचयू में शुरू यह एचडीयू पूर्वांचल की पहली यूनिट है, जहां बच्चों को भर्ती करने की सुविधा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशन में यहां वेंटिलेटर सहित अन्य सुविधाएं भी शुरू हो गई हैं। - प्रो. राजनीति प्रसाद, विभागाध्यक्ष, बाल रोग विभाग