मल्टीप्लेक्स सोमवार को खुल गए, लेकिन रुपहले पर्दे पर खामोशी छाई रही। शहर के अधिकतर मल्टीप्लेक्स खुलने की सूचना पर पहुंचे दर्शकों को निराशा हाथ लगी। सिनेमा संचालकों के अनुसार आने वाले हफ्ते में कुछ फिल्में रिलीज होेंगी तो मल्टीप्लेक्स पूरी तरह से खुल जाएंगे। मल्टीप्लेक्स में अभी तैयारियां ही चल रही हैं। जुलाई अंत में अक्षय कुमार की बेलबॉटम, फरहान अख्तर की तूफान, पेज-4 जैसी फिल्में आने वाली हैं वहीं तो 15 अगस्त को सूर्यवंशी सहित अन्य कई फिल्में रिलीज होंगी।
लगभग सभी मल्टीप्लेक्स के अंदर और बाहर कोविड गाइडलाइन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रवेश द्वार पर ही दर्शकों का थर्मल स्क्रीनिंग करने व मास्क होने पर ही अंदर जाएंगे। टिकट काउंटर पर डिजिटल भुगतान को लेकर अधिक जोर दिया जाएगा। सिनेमा प्रबंधकों ने बताया कि सरकारी नियमों के तहत ही मल्टीप्लेक्स का संचालन किया जाएगा।
डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां से कोई फिल्म रिलीज ही नहीं हुई है। आने वाले शुक्रवार के बाद तय होगा कि कौन सी फिल्म लगाई जाएगी। जुलाई के अंत तक कई फिल्में आने वाली हैं। -मनीष गुप्ता, सिनेमा प्रबंधक, छावनी क्षेत्र
मल्टीप्लेक्स खुल तो गए, लेकिन फिल्में नहीं लगी हैं। एक सप्ताह के बाद कुछ नई फिल्में आने वाली है तब मल्टीप्लेक्स को खोला जाएगा। फिलहाल तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। -शीतला शरण सिंह, मल्टीप्लेक्स प्रबंधक, सिगरा
सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, फिल्में नहीं होने की वजह से मल्टीप्लेक्स नहीं खोला गया। आने वाले एक सप्ताह के बाद तय किया जाएगा कि कौन सी फिल्में कितने शो में चलानी है।-कृष्णा पांडेय, मल्टीप्लेक्स प्रबंधक, भेलूपुर
मल्टीप्लेक्स खुलने की सूचना पर छावनी स्थित मॉल में दोस्तों साथ पहुंचा था, लेकिन पता चला कि अभी कोई मूवी ही नहीं लगी है। -सुमित मिश्रा, दर्शक
दो माह के बाद खुले मल्टीप्लेक्स को लेकर खुशी हुई। हालांकि सिगरा स्थित मल्टीप्लेक्स में गई थी, लेकिन निराशा ही हाथ लगी।- निवेदिता, दर्शक