राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में वरुणापार क्षेत्र के लोगों की लगातार मांग पर, वाराणसी से लखनऊ चलने वाली शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20401 और लखनऊ से वाराणसी ट्रेन संख्या 20402 का शिवपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार से ठहराव शुरू हो गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि, प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने किया।
राज्यमंत्री ने शुक्रवार को सुबह 6:07 बजे शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस को शिवपुर स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के शिवपुर स्टेशन पर ठहराव के लिए वरुणापार क्षेत्र के लोग लगातार मांग कर रहे थे। इस ट्रेन के शिवपुर स्टेशन पर ठहराव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी वार्ता की गई थी।
अथक प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय द्वारा उक्त ट्रेन के शिवपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे लोगों में खुशी है। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, पार्षद प्रत्याशी और क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।