बभनियांव में शनिवार को प्राचीन शिव मंदिर के प्रवेश द्वार पर लकड़ी के खंभे के स्तंभ गर्त के प्रमाण मिले हैं। पुरातत्वविदों के अनुसार जो खंभा मिला है, उसको देखकर कहा जा सकता है कि करीब 1800 साल पहले यहां लोग इसी तरह प्रवेश द्वार पर खंभे के लिए स्तंभ गर्त (गड्ढा) का प्रयोग करते थे।
साथ ही शनिवार को भी ताम्र पाषाण कालीन मिट्टी के बर्तन और पशुओं की हड्डियां मिलीं। बीएचयू प्राचीन इतिहास, पुरातत्व विभाग के प्रो. अशोक सिंह ने बताया कि मंदिर के प्रदक्षिणा पथ के नीचे हो रही खोदाई में शुंग कालीन (200 ईसा पूर्व) पकी ईंटों की संरचनाएं मिली थीं।
इन संरचनाओं का मंदिर से कोई संबंध था या नहीं, अब इस पर अध्ययन किया जा रहा है। मंदिर के प्रणाल और जल निकासी पर भी जानने का प्रयास किया जाएगा। रविवार को मंदिर के प्रवेश द्वार के पास खोदाई की जाएगी। इस दौरान असिस्टेंट प्रो. डॉ. रवि शंकर, डॉ. मुकेश चंद्र पटेल भी मौजूद रहे।