भारत भारती परिषद की ओर से श्रीमद्भागवत कथा एक से सात जनवरी तक चलेगी। अग्रवाल भवन आसभैरव में कथा का श्रवण करने विभिन्न प्रांतों के अलावा तीन देशों से भी कथाप्रेमी शामिल होंगे। कथावाचक आचार्य दिलीप शास्त्री, पं. अंबुज कृष्णा शास्त्री, संस्था के अध्यक्ष अशोक वल्लभदास ने अग्रवाल भवन में पत्रकारों को बताया कि युवा पीढ़ी को भारतीय सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों को आत्मसात कराने के लिए 25 वर्षों से लगातार हो रही श्रीमद्भागवत कथा के क्रम में सप्तदिवसीय कथा होगी। बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से श्रीमुकुंद गोपाल प्रभु की मंगला आरती व दर्शन के बाद कलश व भागवत पोथी की शोभायात्रा जाएगी। जो गोपाल मंदिर चौखंभा से अग्रवाल भवन तक गाजेबाजे के साथ कथा स्थल पहुंचेगी। पूर्वाह्न 11:30 बजे से विधिवत श्रीमद्भागवत पूजन के बाद कथा शुरू होगी। प्रतिदिन कथा दोपहर 12 से तीन बजे तक होगी। बताया कि प्रतिदिन सुबह भागवत का मूल पाठ होगा। शाम चार से सात बजे तक रासपंचाध्यायी पर प्रवचन होगा। वृंदावन के पं. अम्बुज कृष्णा शास्त्री एवं आचार्य दिलीप शास्त्री का प्रवचन करेंगे।