शक्ति की आराधना के महापर्व पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में श्री काशी विश्वनाथ का नव्य, भव्य और दिव्य धाम का नजारा देखने को मिलेगा। हर साल कुछ नया करने के लिए मशहूर सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पूजा पंडाल में श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बाबा विश्वनाथ दर्शन देंगे।
कार्यक्रम समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि इस बार का दुर्गा पूजा पंडाल श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के स्वरूप में सजाया जाएगा। पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा के धाम का अहसास होगा। पंडाल के अंदर माता की झांकी स्वर चलित यंत्रों के जरिये सजाई जाएगी। शुंभ निशुंभ ब्रह्माजी से वरदान प्राप्त करके तीनों लोकों में हाहाकार मचा देंगे। तपस्या रत मां असुरों के अत्याचार को खत्म करने के लिए मां दुर्गा खड़ी होंगी और उनके शरीर के अंदर से दो काली मां प्रकट होंगी जो दोनों असुरों का वध करेंगी।
इसके बाद मां शक्ति अपने काली स्वरूप में शुंभ-निशुंभ का वध करेंगी। महासचिव मुकेश जायसवाल ज्ञानू ने बताया कि बंगाल के कारीगरों द्वारा मां दुर्गा के तपस्वी स्वरूप को आकार दिया जा रहा है। दो अक्तूबर को दर्शनार्थियों के लिए पंडाल खोला जाएगा। छह अक्तूबर को प्रतिमाओं का विसर्जन लक्ष्मी कुंड में किया जाएगा।