पुलिस आयुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त करने और सड़क व फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
खराब यातायात व्यवस्था के लिए संबंधित थाना प्रभारी जिम्मेदार होंगे। साथ ही लंबित विवेचना के निस्तारण, महिला अपराधों पर कठोर कार्रवाई और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। दस वर्ष से कम और अधिक सजा वाले अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रार्थना पत्रों पर तत्काल विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं का प्रभावी अनावरण करने और अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा, वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने के लिए नए कानून के प्रावधानों का उपयोग करने पर जोर दिया।
सुरक्षा और आंतरिक प्रबंधन पर भी ध्यान
पुलिस आयुक्त ने दूसरे थाना क्षेत्रों में अपराध करने वाले अपराधियों की निगरानी और विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच पर विशेष जोर दिया। थानों में भी सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखने को कहा, प्रत्येक एफआईआर और गुमशुदगी की एसीपी स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।