अजय जायसवाल के अनुसार विवाह से पहले ही उन्होंने वर पक्ष को दहेज की मांग को पूरा करते हुए 18 लाख रुपये नकदी और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिये दे दिया था। लेकिन विवाह समारोह के समय दूल्हे विशाल जायसवाल, ननद खुशबू, सास पूनम और नेहा ने दहेज में कार की मांग करते हुए दबाव बनाया। जब उन्होंने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, तो दूल्हा और उसका परिवार नाराज होकर स्टेज छोड़कर चले गए।
लड़की के पिता ने जब दहेज के लिए दिए गए रुपये और सामान वापस मांगा, तो वर पक्ष ने देने से साफ इनकार कर दिया। इस पर अजय जायसवाल ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन वर पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।
अजय जायसवाल ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।