श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में मथुरा से आई शगुन का सामग्री। स्रोत मंदिर प्रशासन
बाबा विश्वनाथ और लड्डू गोपाल के बीच सोमवार को उपहारों, वस्त्रों और पूजा के सामानों का आदान प्रदान किया गया। मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि से बाबा विश्वनाथ के विवाह के लिए भेजे गए उपहार और सामान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रखे गए। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर बाबा को इनका भोग अर्पित किया जाएगा।
सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से एक विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न कराया गया। श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास से आए प्रतिनिधियों ने उपहारों को श्रद्धापूर्वक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को अर्पित किया। धाम में डमरू शंख और मंत्रोच्चार की ध्वनि के साथ यह भेंट श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने स्वीकार किया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मथुरा श्री कृष्ण जन्मस्थली के लिए उपहार दिए गए। मथुरा से आए लड्डू गोपाल के प्रतिनिधियों को भगवान विश्वेश्वर की ओर से विधिपूर्वक भेंट दक्षिणा आदि देकर विदा किया गया। इस दौरान मंदिर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि यह नवाचार सनातन परंपरा में निहित हरि-हर के शाश्वत और अद्भुत संबंध का सजीव प्रतीक है, जो काशी और मथुरा के मध्य धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता को और ज्यादा मजबूत करता है।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में मथुरा से आई शगुन का सामग्री। स्रोत मंदिर प्रशासन