शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली 81 दिवसीय गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा बुधवार को मिर्जापुर से होते हुए काशी पहुंचेगी। शंकराचार्य के काशी पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत होगा। शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि यात्रा काशी में रोहनिया, कैंट, दक्षिणी, उत्तरी विधानसभा होते शिवपुर पहुंचेगी जहां शंकराचार्य रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यात्रा अजगरा, पिंडरा, सेवापुरी होते हुए भदोही की ओर प्रस्थान करेगी। श्रीकच्चा बाबा आश्रम जाल्हुपुर में भी शंकराचार्य का स्वागत होगा। उन्होंने बताया कि यात्रा प्रदेश के 403 विधानसभाओं में जाएगी। ये यात्रा गोमाता के प्राणों की रक्षा और उनको राष्ट्र व राज्यमाता घोषित कराने के लिए निकाली जा रही है। इस यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।