वाराणसी। नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने शहीद उद्यान पार्क शहर का माॅडल पार्क बनेगा। यहां म्यूजिकल फाउंटेंन के साथ फूलों का उद्यान होगा। इस काम की शुरुआत दिसंबर 2025 से हुई है जो जून 2026 में काम पूरा होगा। 7.49 करोड़ की लागत से बनने वाले पार्क में ओपन जिम एरिया होगा। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए अलग क्षेत्र होगा।
यहां आधुनिक झूले और अन्य खिलौने लगाए जाएंगे। पार्कों में प्रकाश, ईंटों का काम, प्लास्टरिंग, पेंटिंग, इंटरलॉकिंग, वागवानी सुधार, बोरिंग, बैठने के लिए बेंच और झूले लगाने समेत कई कार्य कराए जाएंगे। पार्कों में बच्चों, युवाओं और दिव्यांगों समेत हर वर्ग के लोगों के लिए कुछ न कुछ सुविधाएं होंगी। ओपन जिम, लाइटिंग, हॉर्टिकल्चर, पाथवे, झूला और अन्य संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। पार्कों के सुंदरीकरण से शहरवासियों को बेहतर वातावरण व मनोरंजन की सुविधाएं मिलेंगी। भविष्य में पार्कों के रखरखाव और सतत निगरानी के लिए कार्ययोजना तैयार होगी।
-
पाथवे, डिजिटल लाइब्रेरी, रनिंग ट्रैक होगा
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार पार्क को कई जोन में बांटा गया है। योग के लिए अलग क्षेत्र बनाया जा रहा है। ग्रीन एरिया के अलावा यहां एक स्क्ल्पचर का क्षेत्र होगा। इसमें विभिन्न प्रकार की आकृति होगी। पाथवे, डिजिटल लाइब्रेरी और रनिंग ट्रैक होगा।
नगर निगम की ओर से शहर के पार्कों का विकास किया जा रहा है। शहीद उद्यान पार्क में हर प्रकार की सुविधाएं दी जाएंगी। कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराएं। - अशोक कुमार तिवारी, मेयर