सेक्स रैकेट चलाने के आरोपों से घिरे 25 हजार के इनामी पैगंबरपुर पंचक्रोशी निवासी मनोज जायसवाल उर्फ लल्लू को रविवार को भेलूपुर थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस पिछले सात महीने से मनोज की तलाश कर रही थी। ठिकाना बदलकर अलग-अलग इलाके में रह रहा था।
डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि तुलसीपुर, महमूरगंज इलाके में किराये के मकान में सेक्स रैकेट चलाने का भंडाफोड़ 30 मई 2023 को किया गया था। भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था और आरोपी लल्लू की तलाश की जा रही थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय कुमार शुक्ला और एसओजी प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस की मदद से लल्लू को महमूरगंज इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में लल्लू ने बताया कि भदैनी की रहने वाली सरिता की मदद से वह सेक्स रैकेट का संचालन करता था। इसके लिए दोनों शहर के अलग-अलग इलाकों में किराये पर मकान लेकर बाहर से युवतियां बुलाते थे। प्रति ग्राहक वह लगभग पांच हजार रुपये लेते थे। इसमें से आधा पैसा देह व्यापार से संबंधित युवती को दे देते थे।