दालमंडी चौड़ीकरण में मकान का सत्यापन करने पहुंचे लोग।
- फोटो : संवाद
दालमंडी के चौड़ीकरण योजना में आने वाले दिनों में घरों के पेयजल और सीवर कनेक्शन काटे जाएंगे। देव दीपावली और पीएम के दौरे के बाद कार्रवाई होगी। नगर निगम की ओर से पहले 151 बकायेदार भवन स्वामियों को डिमांड ऑफ नोटिस किया गया था। इन भवनों पर गृहकर, सीवर कर और जलकर का 1.78 करोड़ रुपये बकाया है।
निर्धारित समय पर कर न चुकाने पर भवनों को पहले मौका दिया जाता है। इसके बाद सीवर और पेयजल कनेक्शन काटे जाते हैं। इसके बाद भी जमा न करने पर कुर्की की कार्रवाई की जाती है। बकाया जमा करने के बाद मुआवजा देने के लिए नगर निगम ने पहले ही पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजा है। दालमंडी में कई ऐसे भवन हैं जो वर्षों से कर देने से बचते आ रहे थे।
बकाया जमा किए बिना नहीं मिलेगा मुआवजा
अब स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बकाया जमा किए बिना कोई मुआवजा नहीं मिलेगा। साथ ही सीवर और पेयजल कनेक्शन काटे जाएंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ अब राजस्व वसूली और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। नई सड़क से चौक थाने तक दालमंडी सड़क को चौड़ी करने के साथ पुलिस गश्त कर रही है।