बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों का नया शैक्षिक सत्र शुरू हुए तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक विद्यार्थियों को किताबें नहीं मिली हैं। हालांकि, शासन ने किताबें खरीदने के लिए क्रय आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अब भी विद्यार्थियों तक किताबें पहुंचने में करीब एक से डेढ़ महीने का समय लगेगा।
एक तरफ सरकार ऑनलाइन शिक्षण के लिए विद्यार्थियों व शिक्षकों से अपील कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ स्थिति यह है कि नया सत्र शुरू होने के तीन महीने बाद तक किताबों का पता नहीं हैं। ऐसे में शिक्षक पुराने सत्र की किताबें जुटाकर विद्यार्थियों को उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि किताबों का क्रय आदेश जारी कर दिया गया है। किताबें आते ही विद्यार्थियों में प्राथमिकता के आधार पर वितरण कराया जाएगा। जिले में 1144 परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक लाख 96 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसके साथ कक्षा पहली में कई बच्चों ने प्रवेश लिया है, तो कुछ बच्चे जुलाई से शिक्षकों के लिए स्कूल खुलने के बाद प्रवेश लेंगे।