महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सर्वर काम नहीं करने पर स्नातक द्वितीय, तृतीय और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए फीस जमा करने को लेकर छात्र परेशान हैं। अभी भी बहुत से छात्र फीस नहीं जमा कर पाए हैं। मंगलवार को सहायक कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर छात्रों ने अपनी समस्या बताई। कहा कि सर्वर संबंधी समस्या की वजह से ही कई बार खाते से पैसा कटने के बाद भी फीस नहीं जमा हो पा रही है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन से तिथि विस्तारित करने की मांग की है। अगली कक्षा में प्रमोट होने वाले छात्रों को प्रवेश फीस जमा करने के लिए 28 सितंबर तक का वक्त दिया गया था। छात्र विश्वविद्यालय से लेकर बैंक तक चक्कर काटने को मजबूर हैं। ज्ञापन में छात्रों ने गड़बड़ी दूर दराने के साथ ही अक्तूबर के पहले सप्ताह तक तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया। छात्रों का कहना है कि विद्यापीठ में अध्ययन करने वाले ज्यादातर छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के है। इसके अलावा नौकरीपेशा परिवार से भी जुड़े हैं। ऐसे में 15 दिनों का मौका और दिया जाए। उधर, सहायक कुलसचिव ने छात्रों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। कहा कि इस संबंध में कुलपति से वार्ता की जाएगी। सभी छात्रों से तय समय में फीस जमा करने की अपील की।