वाराणसी में एक घर में काम करने वाले नौकर ने मालिक की बेटी से कहा कि यदि वह उसके साथ शादी नहीं करेगी तो वह जान दे देगा और पूरे परिवार को फंसा देगा। नौकर को समझाने के बाद भी बात नहीं बनी। प्रकरण को लेकर शिवपुर थाने में लोढ़ान निवासी राजेश गोड़ के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिवपुर थाना अंतर्गत परमानंदपुर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के अनुसार राजेश उनके घर में एक साल से काम करता था। राजेश को परिवार के लोग घर के सदस्य जैसा ही स्नेह देते थे। इसी बीच घर की एक लड़की को लेकर राजेश की नीयत खराब हो गई। राजेश ने लड़की से शादी की बात कही तो वह इंकार कर दी। अब राजेश फोन कर धमकाता है कि यदि वह शादी नहीं करेगी तो वह जहर खाकर मर जाएगा और पूरे परिवार को फंसा देगा। राजेश की धमकियों से पूरा परिवार डरा हुआ है। शिवपुर थानाध्यक्ष नागेश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।