राजगढ़ ब्लाक के सामने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते ग्राम विकास अधिकारी।- सोशल मीडिया।
मिर्जापुर। ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के विरोध में जिले में ब्लॉकों में तैनात ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारियों में रोष व्याप्त रहा। प्रांतीय कार्यकारिणी के आवाह्न पर हुए सचिवों ने सोमवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। ऑनलाइन हाजिरी शासनादेश को वापस लेने की मांग की।
सिटी, ब्लॉक मुख्यालय पर ग्राम विकास अधिकारी-ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के नेतृत्व में ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के जिला मंत्री राजाराम ने कहा कि सचिवों को विभिन्न कार्यों के लिए फील्ड में रहना पड़ता है। ऐसे में उन्हें दिन में तीन बार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में कठिनाई होगी। जिला मंत्री ने कहा यदि सचिवों की मांगें नहीं मानी गईं तो वे 5 दिसंबर को सभी विकास खंड कार्यालय पर सचिव आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान सचिवों ने साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटर साइकिल भत्ता देने की मांग की है। साथ ही, जटिल ई-ग्राम स्वराज और गेटवे प्रणाली के बजाय मोबाइल एप के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया सरल करने की मांग की। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामधर तिवारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एसोसिएशन के ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार सहित विजय प्रताप, उदय प्रताप सिंह, कीर्ति मेहरोत्रा आदि रहे। सक्तेशगढ़, ब्लॉक मुख्यालय राजगढ़ पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान सचिवों ने खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रकाश चंद दूबे, आशुतोष पाठक प्रियंबदम सहित अन्य मौजूद रहे। जमालपुर, स्थानीय ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम विकास एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर शासन द्वारा लागू किए जा रहे आनलाइन उपस्थिति के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ब्लाक अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, रोहित सिंह, कमलेश पाल, उमाशंकर यादव, राजा प्रसाद, संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे। इसी तरह अन्य ब्लाक मुख्यालयों पर ग्राम विकास एवं पंचायत अधिकारियों ने आन लाइन हाजिरी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।