वाराणसी। नारायण दास सर्राफ ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड शोरूम से 50 लाख रुपये का सोना हड़पने के मामले में पुलिस ने शोरूम मैनेजर रतन अग्रवाल की तलाश तेज कर दी है। आरोपी मैनेजर की पत्नी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी से संपर्क की कोशिश की गई। मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया जो ऑफ बता रहा है।
शोरूम से 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी हड़पने और विश्वासघात करने का मामला सामने आने के बाद शोरूम के कमर्शियल ऑफिसर श्रीकृष्ण अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने मैनेजर रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी शारदा रावत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक रतन अग्रवाल करीब ढाई साल से शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह दुकान का कारोबार और व्यवस्थाएं संभालता था। 31 अगस्त को आंतरिक स्टॉक की जांच कराई गई तो 22 कैरेट सोने की छह ज्वेलरी, जिनका कुल वजन 194.890 ग्राम था, गायब मिलीं। इसके अलावा करीब 100 ग्राम पुराना सोना और अन्य ज्वेलरी भी स्टॉक से कम पाई गई।