वाराणसी। सावन के पहले सोमवार को नगर क्षेत्र और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ तथा यातायात दबाव को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगर क्षेत्र और कांवड़ मार्गों पर स्थित सभी परिषदीय तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों को रविवार को खोलने और सोमवार को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस ने बताया कि यह व्यवस्था सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड तथा अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगी। विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि यदि वे रविवार को कक्षाओं का संचालन और सोमवार को अवकाश रखने का निर्णय लेते हैं, तो इसकी सूचना समय रहते विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को उपलब्ध करा दें। ब्यूरो