उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के लखनों गांव में 12 जनवरी को हुए स्कूल वैन हादसे में पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी एससी कान्वेंट स्कूल की प्रधानाध्यापिका कंचन को गोपीगंज के मिर्जापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद वह अपने रिश्तेदारी में छिपकर रह रही थी। वह मायके जाने की फिराक में थी, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। इस मामले में एक सप्ताह में पुलिस ने यह तीसरी गिरफ्तारी की है। जबकि वाहन मालिक अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
शनिवार को ज्ञानपुर कोतवाली में एएसपी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि लखनो गांव में 12 जनवरी को अमान्य एससी कान्वेंट स्कूल के वाहन में सिलिंडर से आग लगने से 19 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए थे।
परिवहन अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने प्रबंधक सुशील कुमार दूबे, प्रधानाध्यापिका कंचन दूबे, चालक मनोज कुमार और वाहन मालिक अशोक कुमार के खिलाफ जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी राजेश एस के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र की निगरानी में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कहा गया था। घटना के अगले दिन 13 जनवरी को ही पुलिस ने वाहन चालक मनोज कुमार यादव, 16 जनवरी को स्कूल प्रबंधक सुशील कुमार दूबे को गिरफ्तार कर लिया था।