नगर कोतवाली क्षेत्र के मिसिरपुर मोहल्ले में हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के पानदरीबा इलाके में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक घर का बारजा शुक्रवार को दोपहर अचानक ढह गया। मलबे की चपेट में आने से स्कूल से घर लौट रही एक आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। बालिका की मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिसिरपुर मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार चौरसिया की बेटी तेजस्वी (8) इसी मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह दोपहर में करीब एक बजे स्कूल से घर लौट रही थी। वह मोहल्ले में मंगल गुप्ता के निर्माणाधीन प्रधान मंत्री आवास के पास पहुंची थी तभी सड़क पर चार फीट तक निकला बारजा अचानक ढह गया।
मलबा बच्ची के ऊपर गिर पड़ा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर मचा तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्ची के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आननफानन में मलबे से निकाल कर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डाक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि मृत बच्ची के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने घटना को खुद संज्ञान लेकर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आस पास के लोगों की माने तो प्रधान मंत्री आवास के ऊपर भी निर्माण कराया जा रहा था।
तकरीबन चार फीट चौड़े बारजे के नीचे कोई सपोर्ट भी नहीं था। प्रधान मंत्री आवास योजना (शहरी) के नोडल अधिकारी परियोजना अधिकारी डूडा एमपी सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। जांच कराई जाएगी। निर्माण में लापरवाही हुई होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जफराबाद नगर पंचायत में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक मकान की पटिया अचानक गिर गई जिसकी चपेट में आने से किशोर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जफराबाद नगर पंचायत में कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा है। दो दिन जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया। शुक्रवार को कुछ लोग खुद से अतिक्रमण हटा रहे थे। इसी दौरान मकान से पटिया गिरने से उसकी चपेट में आने से अतहर (15) पुत्र सेराज निवासी सैयद हास घायल हो गया। उसके सिर और पैर में गंभीर चोट आई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।