यूपी के गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्कूल से घर लौट रही छात्रा को कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई पुलिस चौकी से 50 मीटर की दूरी पर घटी थी। छात्रा और ट्रक चालकों द्वारा शोर मचाने पर बदमाश छात्रा को रास्ते में उतार कर भाग गए।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बिहार बार्डर पर वाहन सहित बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने घर पहुंची छात्रा से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। गहमर थाने के देवल निवासी एक व्यक्ति भदौरा बस स्टैंड पर किराए के मकान में रहते हैं। वह एक कान्वेंट स्कूल के प्रबंधक भी हैं।
उनकी बेटी स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। रोज की तरह गुरुवार को भी वह कॉलेज गई थी। कॉलेज बस द्वारा शाम चार बजे भदौरा बस स्टैंड के तिराहे के पास उतरी और वहां से पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान उसे बीच रास्ते में कार सवार बदमाशों ने जबरदस्ती वाहन में बैठा लिया और भागने लगे।
इस पर छात्रा शोर मचाने लगी। उसकी आवाज कुछ ट्रक चालकों की कार पर नजर पड़ी तो वह भी शोर मचाने लगे। इससे घबराए बदमाश एक किलोमीटर की दूरी पर छात्रा को वाहन से उतार कर बिहार की तरफ भागने लगे। इधर, जानकारी होते ही पुलिस ने जगह-जगह घेरेबंदी शुरू कर दी थी। बिहार बार्डर पर पुलिस ने कार को रोक लिया और उसमें सवार चार अपहर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने लाई।
उधर, छात्रा के अपहरण की सूचना पर परिवार के लोग चीखने-चिल्लाने लगे। उसके सकुशल घर पहुंचने पर लोगों के जान में जान आई। पुलिस ने घर पहुंच कर छात्रा से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए उसका बयान दर्ज दिया। इस मामले में छात्रा के पिता ने पांच बदमाशों के खिलाफ अपहरण करने के प्रयास की तहरीर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामबहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।