आदेश में कहा गया है कि सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के नगर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों से गुजरने की संभावना है। ऐसे में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि यदि वे रविवार को कक्षाओं का संचालन और सोमवार को अवकाश का निर्णय लेते हैं, तो इसकी सूचना समय से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को उपलब्ध कराएं। सूचना स्पष्ट और पूर्व में दी जाए, जिससे किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
इसके अलावा मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं, विशेष रूप से अक्षय पात्र फाउंडेशन को भी समय से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भोजन वितरण की व्यवस्था प्रभावित न हो। डीआईओएस ने कहा कि यह निर्णय विद्यालयों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप लचीलापन देने और सावन के पहले सोमवार पर सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।