वाराणसी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) काशी के 35 प्राथमिक विद्यालयों में 64 टॉयलेट बनवाएगा। इनके निर्माण पर एक करोड़ नौ लाख उनतीस हजार रुपये खर्च होंगे। एसबीआई की चेयरपर्सन अरुंधती भट्टाचार्य ने शुक्रवार को यहां शिवपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बैंक की ओर से बनवाए गए टॉयलेट का लोकार्पण करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत एसबीआई देश भर के चुनिंदा विद्यालयों में 20 करोड़ रुपये खर्च कर टॉयलेट का निर्माण कराएगा। फिलहाल आठ राज्यों के लिए आठ करोड़ की योजना तैयार की जा चुकी है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से की जा रही है।
लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि गंदगी किसी एक के प्रयास से नहीं जाएगी। इसके लिए सभी को मिलकर पहल करनी होगी। जीवन में स्वच्छता का काफी महत्व है। इसका सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य से है। इस पर बेहतर तरीके से काम करने की जरूरत है। स्कूली बच्चों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने की जरूरत है ताकि वे स्कूल के साथ घर में भी वे सफाई के प्रति औरों को जागरूक और सतर्क कर सकें। यह भी कहा कि सफाई के प्रति बच्चों को जागरूक करने
के लिए स्वच्छता पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाने के लिए बैंक धन मुहैया कराएगा। फिल्म के माध्यम से यह दिखाया जाएगा कि कैसे सफाई रखें। स्वच्छता के फायदे क्या हैं। इसे दृश्य और श्रव्य माध्यम से बच्चों को दिखाया जाएगा। उन्होंने सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वरी पाठक से स्वच्छता पर आधारित डाक्यूमेंट्री बनाने का आग्रह भी किया। बिंदेश्वरी पाठक ने कहा कि बच्चों को
जागरूक किया जाना जरूरी है। पूरी एकजुटता से स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जाएगा। इस मौके पर बैंक की उप प्रबंध निदेशक कर्णम शेखर, अंशुलाकांत, घनश्याम मिश्रा मौजूद रहे। संचालन अर्पिता राय, श्वेता सिंह ने किया। लखनऊ मंडल के जीएम (नेटवर्क-थ्री) एसके मिश्रा ने सभी के प्रति आभार जताया।