स्टेट बैंक की ओर से मोबाइल एटीएम वैन की सौगात दी गई है। शुक्रवार को कचहरी प्रशासनिक कार्यालय से डीजीएम विनोद कुमार सिन्हा ने वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीजीएम ने बताया कि वैन शहर के विभिन्न इलाकों में घूमती रहेगी, ताकि लोग अपने घर के नजदीक सुरक्षित तरीके से खातों से पैसे निकाल सकें। बताया कि कोरोना काल में केवल बैंकिंग ही नहीं बल्कि अस्पतालों में डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट, सैनिटाइजर का वितरण कराए जाने के साथ ही जरूरतमंदों को भोजन-पानी की व्यवस्था का काम भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में शशांक कुमार, हर्षवर्धन सिंह, अनूप श्रीवास्तव, कृष्णेंदु, हरी गुप्ता, आनंद सिंह, हरिश्चंद सिन्हा, विक्की खन्ना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आज सुबह आठ बजे से ही घूमेगी वैन
डीजीएम ने बताया कि 8 मई को मोबाइल वैन सुबह 8 से 10 बजे तक स्वस्तिक गार्डेनिया, 10 से 11 आवास विकास कॉलोनी पांडेयपुर, 11 से 1 बजे तक पुलिस लाइन और 1 से 2 बजे तक सीआरपीएफ कैंपस पहाड़िया में रहेगी। इसके अलावा दोपहर 2 से 3 बजे तक एनडीआरएफ चौकाघाट और 3 से 5 बजे तक कैंट रेलवे स्टेशन पर भी रहेगी। सेवा लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7754000513 पर भी संपर्क किया जा सकता है।