वाराणसी। सावन में जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सिटी कमांड सेंटर पूरी तरह से तैयार है। 2500 अत्याधुनिक कैमरे शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। विशेष ध्यान कावड़ यात्रा मार्गों पर होगा। कमांड सेंटर से 25 पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जो लगातार फीड पर नजर रखेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य भीड़ एकत्र होने से पहले ही सूचना प्राप्त कर आवश्यक कदम उठाना है।
रास्ते में किसी भी समस्या की स्थिति में श्रद्धालु सीधे सिटी कमांड सेंटर में जाकर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। शहर को फेस-1 और फेस-2 में विभाजित कर निगरानी की जाएगी, ताकि हर क्षेत्र की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा सके। सिटी कमांड सेंटर फेस-1 के इंचार्ज दुर्गेश सरोज ने बताया कि सावन को देखते हुए सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर के हर इलाके पर नजर रहेगी। किसी को कोई परेशानी हो तो वह कमांड सेंटर में आकर संपर्क कर सकता है।