फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: सारनाथ में सरेराह व्यवसायी को मारी तीन गोली, गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर में रंगीलदास पोखरा चौराहा के समीप शुक्रवार की सुबह बाइक से आए नकाबपोश दो बदमाशों ने सरेराह स्कूटी सवार व्यवसायी राजकुमार यादव (43) को गोली मार दी और भाग निकले। राजकुमार को तीन गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की वजह जमीन विवाद की पुरानी रंजिश बताई है। व्यवसायी की पत्नी ज्योति यादव की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस ने राजकुमार के छोटे भाई व आदमपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय यादव सहित आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आपराधिक षड्यंत्र रचने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। विजय यादव इस समय गाजीपुर जेल में बंद है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। प्रकरण में विजय यादव के तीन करीबियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमगंज निवासी राजकुमार यादव जमीन की खरीद-बिक्री के साथ ही ट्रांसपोर्ट का भी काम करते हैं। राजकुमार रोजाना की तरह शुक्रवार की सुबह लेढ़ूपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले अपने छोटे बेटे कार्तिकेय को स्कूटी से छोड़ने गए। उसे छोड़कर लेढ़ूपुर मार्ग से वापस घर जा रहे थे। सुबह 7:30 बजे रंगीलदास पोखरा चौराहा के समीप पहुंचे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीछे से ही राजकुमार की पीठ पर दो गोली मारी। इससे राजकुमार की स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह सड़क पर ही गिर पड़े। इसके बाद बेखौफ बदमाश राजकुमार के नजदीक गए और कनपटी पर एक गोली मार दी, फिर हाथ में असलहा लहराते हुए बलुआ मार्ग की ओर तेजी से भाग निकले। तीन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राजकुमार यादव को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने राजकुमार की हालत बेहद नाजुक बताई है।
विज्ञापन



घटनास्थल के आसपास और बलुआ मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। नामजद आठ आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।- अमित कुमार, डीसीपी वरुणा जोन

लगातार दी जा रही थी जान से मारने की धमकी

राजकुमार की पत्नी ज्योति के अनुसार, उनके पति की पुश्तैनी जमीन लेढ़ूपुर में है। इस जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने के लिए उनका छोटा भाई विजय यादव गाजीपुर जेल से आए दिन फोन कर धमकाता रहता था। विजय यादव का सहयोग उसका पार्टनर सारंग तालाब निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनिल यादव करता है। अनिल यादव ने बीते महीने भी धमकी दी थी। ज्योति ने पुलिस को बताया कि विजय यादव ने ही राजकुमार की हत्या की साजिश रची है। इसमें उसकी दो पत्नियां सोनी यादव व आरती यादव, उसका पार्टनर अनिल यादव, पिंटू यादव उर्फ आशुतोष, शिवम यादव, रोहित यादव और रविंदर ने सहयोग किया है।
विज्ञापन


दो साल से ज्यादा समय से जेल में है विजय
भाई राजकुमार के हत्या के प्रयास में नामजद मुकीमगंज निवासी विजय यादव आदमपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। आदमपुर थानाध्यक्ष अजीत वर्मा ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और शराब के अवैध व्यापार करने जैसे गंभीर आरोपों में 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह बीते ढाई साल से ज्यादा समय से नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है। जिस नाबालिग से दुष्कर्म हुआ था, वह उसके रिश्ते की लड़की थी। राजकुमार और विजय के बीच भी मुकदमेबाजी चल रही है।

बहनोई को भी मारी थी गोली
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विजय ने वर्ष 2005 में अपने बहनोई को भी गोली मारी थी। उसकी बहन ने बताया कि उन्होंने प्रेम विवाह किया था। इससे विजय नाराज रहता था। वह अब भी धमकाता रहता है।


रेकी कर पेशेवर शूटरों ने मारी गोली
सारनाथ थाना के लेढ़ूपुर क्षेत्र के फुटहवानार में वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर राजकुमार यादव की पुश्तैनी और खुद से खरीदी हुई करोड़ों रुपये कीमत की जमीन है। राजकुमार के करीबियों के अनुसार, उनकी जमीन पर विजय यादव और उसका पार्टनर प्रॉपर्टी डीलर अनिल यादव अवैध तरीके से कब्जा करना चाहते हैं। इसी वजह से राजकुमार को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई। राजकुमार के लेढ़ूपुर स्थित स्कूल आने-जाने के रोजाना के समय और रास्ते की रेकी की गई। फिर, पेशेवर शूटरों से सिर्फ राजकुमार को गोली मरवाई गई। दोनों शूटर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने राजकुमार की पीठ के बाद उनकी कनपटी पर बेहद करीब से गोली मारी। तीन गोली मारने के बाद दोनों बदमाश अपने-अपने हाथ में असलहा लहराते हुए बाइक लेकर भागे। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने में .32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया है।


-
ट्रॉमा सेंटर पहुंची पत्नी व बच्चे, लहूलुहान राजकुमार को देख हुए बदहवास
राजकुमार यादव की दो बेटियां और दो बेटे हैं। उनको गोली लगने की सूचना पाकर उनकी पत्नी ज्योति अपनी बड़ी बेटी और परिवार के अन्य लोगों के साथ बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। लहूलुहान बेहोश राजकुमार यादव को देख उनकी पत्नी व बच्चे बदहवास हो गए। वहीं, राजकुमार का छोटा बेटा अपने पिता को गोली मारे जाने की खबर से बेखबर होकर स्कूल में पढ़ता रहा। बाद में परिजन उसे उसके स्कूल से लेकर आए तो उस मासूम को पता लगा कि उसके पिता पर जानलेवा हमला हुआ है। परिजन अस्पताल में बड़ी ही मुश्किल से राजकुमार की पत्नी और उनके बच्चों को संभाले हुए थे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें