सीर गोवर्धन में रैदासियों के लिए लगे टेंट।
- फोटो : अमर उजाला
Ravidas Jayanti 2025 : संत रविदास की जयंती पर सीरगोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थली पर देश के कई बड़े राजनेता मत्था टेकने आ सकते हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, पूर्व सीएम मायावती, पूर्व सीएम अखिलेश यादव, पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत देश के कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा गया है।
12 फरवरी को संत रविदास की जयंती है। रविदास मंदिर के श्रीगुरु रविदास जन्मस्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी केएल सरोवा ने बताया कि जयंती की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लंगर की व्यवस्था हो गई है। महाकुंभ को देखते हुए पंडाल के क्षेत्रफल को दोगुना बड़ा बनाया गया है।
इस बार अधिक भीड़ होने की संभावना है। केएल सरोवा ने बताया कि राजनीतिक दलों को निमंत्रण हर साल भेजा जाता है। हालांकि, अभी तक उनके पास किसी का प्रोटोकाल नहीं आया है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका, लंदन, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कनाडा और फ्रांस से अनुयायी कार्यक्रम में शामिल होंगे।