संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शास्त्री और आचार्य में दाखिले के लिए 13 से 17 सितंबर तक काउंसिलिंग कराई जाएगी। प्रवेश लेने वाले संबंधित अभ्यर्थी 14 से 18 सितंबर तक शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को आदेश जारी कर दिया गया। प्रवेश संबंधी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शास्त्री प्रथम, द्वितीय, तृतीय के साथ ही संस्कृत प्रमाण पत्रीय प्रथम, द्वितीय और तृतीय के साथ ही आचार्य तृतीय सेमेस्टर में दाखिले के लिए तीन सितंबर को ई-चालान निकाला जा सकेगा। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरेराम पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी 4 सितंबर तक इंडियन बैंक की किसी भी शाखा में पंजीकरण शुल्क जमा कर सकते हैं। शास्त्री प्रथम, संस्कृत प्रमाण पत्रीय प्रथम खंड में मेरिट सूची का प्रकाशन 11 सितंबर को होगा। आचार्य प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए 12 सितंबर को मेरिट सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 20 अगस्त से छह सितंबर तक ई-चालान बनवाने के साथ ही अभ्यर्थी 21 अगस्त से सात सितंबर तक इंडियन बैंक में पंजीकरण शुल्क जमा कर सकते हैं। 22 अगस्त से आठ सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा।