वाराणसी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को संस्कृत दिवस समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला जज संजीव शुक्ला ने 50 से अधिक अधिवक्ताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। जिला जज संजीव शुक्ल ने कहा कि संस्कृत देव भाषा है इसका सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दूबे ने की।कार्यक्रम संयोजक अधिवक्ता श्यामजी उपाध्याय ने कहा कि संपूर्ण सनातन वांग्मय संस्कृत भाषा में ही समाहित है। उसी में हमारे सनातन ज्ञान, आदर्श और मूल्य निहित हैं। समारोह में 50 से अधिक अधिवक्ताओं ने संस्कृत में श्लोक सुनाए। उन्हें प्रतिभाग प्रमाणपत्र दिया गया। कार्यक्रम में एडीजे प्रथम देवकांत शुक्ला, बनारस बार अध्यक्ष सतीश तिवारी, सेंट्रल व बनारस बार के महामंत्री राजेश गुप्ता व शशांक श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।