भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रबल विरोधी माने जाने वाले पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी एक सितंबर को जयापुर आएंगे। जोशी यहां रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के साथ ही प्रधानमंत्री के आदर्श गांव का भ्रमण कर यहां हुए विकास कार्य भी देखेंगे।
मोदी के गांव में जोशी के आगमन के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। इस साल यह दूसरा मौका है जब संजय जोशी मोदी से जुड़े किसी कार्यक्रम में शरीक होंगे। इससे पहले जनवरी में उन्होंने लखनऊ में भाजपा के सदस्यता अभियान का हिस्सा बनने के साथ ही सार्वजनिक स्थान पर झाड़ू लगाकर पीएम के स्वच्छ भारत अभियान की सराहना की थी।
जयापुर में एक सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ ही एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया है। संजय जोशी इस गोष्ठी को भी संबोधित करेंगे। संवेदना जनसेवा संस्थान और शिमला स्पोर्ट्स क्लब के संयुक्त प्रयास से सांसद आदर्श गांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।
संस्थान के संयोजक नीलेश सिंह के मुताबिक शिविर में क्लब से जुड़े सौ से अधिक युवा रक्तदान कर दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करेंगे। शिविर में अन्य संगठनों और क्लबों से जुड़े सौ से अधिक लोग रक्तदान करेंगे।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर फैले भ्रम को दूर करना और लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करना है। बताया कि इसके लिए जयापुर सहित आसपास के गांवों में भी जनसंपर्क शुरू कर दिया गया है।