संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय (Sampoornand Sanskrit Vishvidyalaye) से संबद्ध कॉलेजों में चल रही परीक्षा की कॉपियां सात जुलाई से जमा होंगी। 10 जुलाई तक कॉपियों के जमा होने के बाद मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही कॉलेजों में विज्ञान, गृहविज्ञान के छात्रों को प्रैक्टिकल में मिले नंबर को ऑनलाइन दर्ज करना होगा। इसकी मूल प्रति भी 7 से 10 जुलाई तक कॉलेजों को विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग में देनी होगी।
विश्वविद्यालय की में 25 जून से शुरू हुई परीक्षा के लिए देश भर में 343 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 34871 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। शास्त्री द्वितीय, तृतीय खंड, द्वितीय-तृतीय सेमेस्टर और आचार्य द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत के साथ ही भूतपूर्व, बैक, श्रेणी सुधार के छात्रों की लिखित परीक्षा चार जुलाई तक चलेगी। इसमें आचार्य की परीक्षा एक जुलाई को खत्म हो चुकी है। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने मूल्यांकन संबंधी तैयारी भी शुरू कर दी है। संबद्ध कॉलेजों को सात से दस जुलाई तक कॉपियों को जमा करना है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि तीन जुलाई को दो से पांच बजे तक मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। कॉलेजों में शास्त्री द्वितीय, तृतीय सेमेस्टर के छठे पेपर विज्ञान/गृह विज्ञान के लिए 15 नंबर की प्रायोगिक परीक्षा केंद्राध्यक्ष की देखरेख में होगी। प्राचार्यों को इसके लिए कॉलेज की लॉगिन आईडी भी दी गई है, जिसके माध्यम से छात्रों के अनुक्रमांक के सामने नंबर को लिखना होगा।