सपा नेता हरीश मिश्रा को जेल ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सपा नेता हरीश मिश्रा उर्फ बनारस वाले मिश्राजी को सोमवार को सिगरा थाने की पुलिस ने मंडलीय अस्पताल से ले जाकर अदालत में पेश किया। मां करणी के दो उपासकों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हरीश मिश्रा के खिलाफ दर्ज मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई गई है। अदालत ने हरीश मिश्रा को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया।
काशी विद्यापीठ रोड पर शनिवार की दोपहर सपा नेता हरीश मिश्रा व उनके समर्थकों और खुद को मां करणी का उपासक बताने वालों के बीच मारपीट हुई थी। काशी विद्यापीठ निवासी हरीश मिश्रा ने चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर लगाया था। इसके साथ ही हरीश और उनके समर्थकों ने मौके से पांडेयपुर निवासी अविनाश मिश्रा और चितईपुर के स्वास्तिक उपाध्याय को पकड़ कर पुलिस को सौंपा था।
सिगरा थाने में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद तीनों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को डॉक्टर ने हरीश मिश्रा और स्वास्तिक उपाध्याय को डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र और उनकी टीम के काशी विद्यापीठ चौकी प्रभारी विकल शांडिल्य ने हरीश मिश्रा को अदालत में पेश किया।