उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में रोष फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष और नेताओं ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने नई मूर्ति लगाने और आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बबुरी थाना क्षेत्र के लठौरा गांव में सड़क किनारे संत रविदास की मूर्ति स्थापित है। सोमवार को सुबह गांव के लोगों ने देखा तो मूर्ति क्षतिग्रस्त थी। इस पर गांव के गुलाब राम ने पुलिस को सूचित किया। मंगलवार को दोपहर में प्रतिमास्थल पर ग्रामीणों एकजुट होकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने मूर्ति क्षतिग्रस्त करने वालों को गिरफ्तार करने और नई मूर्ति लगवाने की मांग की।
डॉ. भीमराव आंबेडकर नवयुवक मंगल दल के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इसके पहले भी मूर्ति क्षतिग्रस्त की गई थी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष टीबी सिंह पहुंचे लेकिन ग्रामीण अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे।
कुछ देर बाद तहसीलदार प्रवीण सिंह, जिला पंचायत सदस्य सूर्यमुनि तिवारी, नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने और नई मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए।