काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को दूसरे दिन भी सीयूईटी (कामन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा की दूसरी पाली में देरी होने पर अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। कुछ देर के लिए कालेज गेट पर अभ्यर्थियों ने हंगामा और नारेबाजी की। लगभग एक घंटे की देरी से परीक्षा शुरू हुई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से सीयूईटी के लिए केआईटी में परीक्षा केंद्र बनाया गया। दो शिफ्ट में आयोजित परीक्षा में पहली पाली में सुबह नौ बजे सेंटर पर 1385 छात्र-छात्राएं पहुंचे। सर्वर की खराबी के चलते परीक्षा आधे घंटे की देरी से शुरू हुई। उधर, दूसरी पाली में तीन बजे से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल 1244 अभ्यर्थी गेट पर लाइन लगाकर खड़े हो गए। एंट्री में देरी होने पर धूप में खड़े अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। संस्थान की सूचना पाकर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों को प्रवेश दिलाया। इसके बाद सर्वर की वजह से परीक्षा शुरू होने में देरी होने पर गेट पर अभिभावकों की जुटती भीड़ को देख एसडीएम राजातालाब, सीओ बड़ागांव भी आ गए। हालांकि परीक्षा शुरू हो जाने पर माहौल शांत हो गया।