सुजानगंज। थाना क्षेत्र के हटिया रामपुर गांव के पास सोमवार की रात साढ़े 8 बजे गिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली फूंक दी। शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुजानगंज, बदलापुर, महराजगंज सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करने में पुलिस अधिकारी जुटे हुए थे। रात साढ़े 10 बजे जाम खत्म नहीं हुआ था।
हटिया रामपुर गांव निवासी इशरार का पुत्र फारूक (23) प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे बैठकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। रात करीब साढ़े आठ बजे गिट्टी लादकर गांव में जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने फारूक को चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ट्रैक्टर ट्राली में आग लगा दी। जाम की सूचना मिलते ही सुजानगंज एसओ अजय सिंह सहित महराजगंज, बदलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बदलापुर राणा महेंद्र सिंह भी कुछ देर बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने वार्ता कर जाम खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने, चालक की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को आर्थिक मदद की मांग पर अड़े थे। रात साढ़े 10 बजे तक मान मनौवल का क्रम जारी रहा।