देश के पहले और दुनिया के तीसरे पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का विस्तार होगा। इसका खाका वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने तैयार कर लिया है। कैंट से गोदौलिया की तरह ही छह नए रूटों पर रोपवे का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इनमें नमोघाट, रामनगर, पड़ाव, सिटी, बीएचयू व सारनाथ का रूट शामिल है। इससे शहर में आवागमन आसान हो जाएगा। जाम की समस्या से निजात मिलेगी। प्रदूषण की चुनौती से भी बचा जा सकेगा।
शहर की यातायात को सुगम बनाने और पर्यटकों को जाम से निजात दिलाने के लिए कैंट से गोदौलिया के बीच रोपवे का निर्माण कराया जा रहा है। यह काम जैसे ही पूरा होगा, वैसे ही नमो घाट, सारनाथ, पड़ाव और रामनगर तक रोपवे का विस्तार किया जाएगा। इसका प्रस्ताव भी वीडीए प्रशासन ने बना लिया है।
ये हैं रोपवे के नए रूटकैंट से सिटी स्टेशन
सिटी स्टेशन से सारनाथ
सिटी स्टेशन से नमो घाट
नमो घाट से पड़ाव
रथयात्रा से बीएचयू
बीएचयू से रामनगर
वाराणसी में रोपवे
- फोटो : सोशल मीडिया।
दो चरणों में पूरा होगा कैंट से गोदौलिया का काम
कैंट से गोदौलिया तक रोपवे का निर्माण दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में कैंट से रथयात्रा और दूसरे चरण में रथयात्रा से गोदौलिया तक यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए कार्यदायी संस्था नेशलन हाइवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की ओर से कैंट से रथयात्राा तक पाइलिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है। पाइलिंग के बाद स्टेशन का निर्माण शुरू होगा। दूसरी परियोजना में छह अन्य शहरों में रोपवे चलाया जाएगा। इसके लिए वीडीए चिह्नित स्थलों फीजीबिलिटी के आधार पर प्रस्ताव तैयार करेगा।
घंटों की दूरी कुछ मिनटों में तय होगी
सड़क मार्ग से जो दूरी तय करने में घंटों लगते हैं, वही रोपवे बनने के बाद मिनटों में पूरे होंगे। पर्यटकों को आसमानी सफर का आनंद भी मिलेगा। मार्च 2024 तक कैंट से रथयात्रा तक रोपवे शुरू करने की योजना है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
रोपवे से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बड़ी संख्या में पर्यटक आएंगे। जनवरी से दिसंबर 2022 के बीच ही सात करोड़ से ज्यादा पर्यटक वाराणसी आए थे। यह संख्या आगे और बढ़ेगी।
कैंट से गोदौलिया के साथ ही छह अन्य रूटों को भी रोपवे से जोड़ने की योजना है। शासन स्तर से संभावना तलाशी गई है। सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वीडीए ने प्रस्ताव भी बना लिया है। इसे जल्द ही स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। - मनोज कुमार, टाउन प्लानर, वीडीए