विंध्य धाम में दर्शन कर बाहर आते धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
पिछले सरकारों ने सिर्फ धन का बंटवारा किया है, जिसके चलते विंध्याचल के कालीखोह एवं अष्टभुजा पहाड़ पर रोप-वे का काम पूरा नहीं हो सका है। अष्टभुजा पहाड़ पर रोप-वे अब भाजपा की सरकार में बहुत जल्द ही बन कर तैयार हो जाएगा।
यह बातें सोमवार की देर शाम मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन करने आए उत्तर प्रदेश के धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने होटल रत्नाकर में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
इससे पहले मंत्री ने विंध्य दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन करने के बाद धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री ने देवी मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी-देवताओं के मंदिरों में जाकर श्रद्धाभाव से शीश झुकाया।
पत्रकार वार्ता के दौरान मां विंध्यवासिनी मंदिर अधिग्रहण मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार रहेगी किसी भी मंदिर का अधिग्रहण नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थल होने के बाद यहां सुविधाओं का अभाव है।
साथ ही विंध्याचल आने वाले हर भक्तों के लिए घाटों पर उत्तम व्यवस्था के साथ ही अच्छी सड़क, शुद्घ पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त सुविधा प्रदान की जाएगी।
ध्वस्त सड़कों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने 15 जून तक खराब सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश जारी किया है, जिसके तहत सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएंगी। पत्रकार वार्ता के दौरान धर्मार्थ राज्य मंत्री ने विंध्याचल को पर्यटन स्थल घोषित करने का भी आश्वासन दिया।