वीडीए की अवस्थापना निधि से 1.61 करोड़ रुपये की लागत से लगाई गईं 85 सोलर लाइटों का लोकार्पण बुधवार को रोहनिया से अपना दल (एस) विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। इससे मोहनसराय से अदलपुरा रोड पर मिल्कीचक रेलवे लाइन पर बने ओवरब्रिज पर प्रकाश की व्यवस्था बेहतर होगी। 120 वाॅट की इन सोलर लाइटों से पूरा इलाका जगमग होगा। लोकार्पण के दौरान विधायक ने कहा कि मोहनसराय चौराहे से लेकर मिल्कीचक रेलवे ओवर ब्रिज के उस पार एक किमी की दूरी तक सड़क के दोनों तरफ ऑटोमेटिक सोलर लाइटें लगाई गई हैं। इससे राहगीरों को रात में आने-जाने मे सहूलियत होगी। लोकार्पण कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता सत्य प्रकाश वर्मा, रमाशंकर गुप्ता ने पुष्पगुच्छ देकर किया। संचालन राजकुमार वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल ने किया। इस दौरान मानस सिंह, बसंत लाल पटेल, ओम प्रकाश सिंह, ग्राम प्रधान मनोज पटेल, रमाशंकर गुप्ता मौजूद रहे।