Varanasi Road Accident: कथाकार धीरेंद्र महाराज की कार बृहस्पतिवार को रोडवेज बस की चपेट में आई। घटना सेंट्रल जेल रोड की है। इस दौरान नाराज अनुयायियों ने बस का शीशा तोड़ दिया। हालांकि इसके बाद चालक ने माफी मांगी तो मामला शांत हो गया।
फुलवरिया फोरलेन तिराहा, सेंट्रल जेल रोड पर बृहस्पतिवार की देर शाम लहरतारा की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में कथाकार धीरेंद्र महाराज की कार आ गई। बस की टक्कर से कार हल्की सी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे धीरेंद्र महाराज और उनके अनुयायी नाराज हो गए।
विज्ञापन
नाराज अनुयायियों ने ड्राइवर से कहासुनी करते हुए उसका शीशा फोड़ दिया। इससे मौके पर जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे गिलट बाजार चौकी, शिवपुर थाने और कचहरी चौकी की पुलिस ने जाम खत्म कराया। इसके साथ ही रोडवेज के बस चालक ने धीरेंद्र महाराज से माफी मांगी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
धीरेंद्र महाराज ने बताया कि वह दशरथ गद्दी अयोध्या से आ रहे हैं। उन्हें जौनपुर के केराकत में सेवानिवृत्त डीआईजी कृपा शंकर सिंह के यहां जाना है। वहां शुक्रवार से कथा का आयोजन है। वह कार का बाएं साइड का इंडिकेटर ऑन करके जा रहे थे। इसके बावजूद रोडवेज के बस चालक ने गलती करते हुए उनकी कार में टक्कर मार दी। हालांकि बस चालक ने माफी मांग ली तो उन्होंने कहा कि अब वह कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।